अपराध

चार दिन बाद खेत में मिली युवक की सड़ी-गली लाश

बाजार अतरिया। क्षेत्र में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब बाजार अतरिया से लगभग दो किलोमीटर दूर सत्संग भवन के पास एक खेत में युवक की सड़ी-गली अवस्था में लाश बरामद हुई। आसपास तेज दुर्गंध फैलने पर ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई जिसके बाद तत्काल डायल 112 को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अवधराम निषाद (30 वर्ष) पिता बिसारद निषाद निवासी ग्राम रगरा के रूप में हुई है। जानकारी अनुसार वह पिछले 2-3 वर्षों से साल्हे खुर्द निवासी एक व्यक्ति के यहां ट्रैक्टर-लोडर चालक के रूप में कार्यरत था। परिजनों के मुताबिक 17 मार्च की शाम करीब 7:30 बजे वह रोजाना की तरह काम खत्म कर घर लौटने के लिए निकला था। निकलने से पहले उसने परिवार से फोन पर बातचीत भी की थी लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। रात 11 से 12 बजे तक उसका मोबाइल बजता रहा लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया और बाद में फोन बंद हो गया। अगले दिन परिजनों ने छुईखदान थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई और लगातार उसकी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इधर घटना स्थल के पास रहने वाले ग्रामीणों ने सत्संग भवन के पास खेतों की दिशा से आ रही तेज बदबू के चलते खोजबीन की जहां गड्ढेनुमा स्थान में घास के बीच शव पड़ा मिला। शव पूरी तरह फूल चुका था और सड़ने की स्थिति में था। मौके से मृतक की मोटर साइकिल (क्रमांक सीजी 08 एबी 2522) मोबाइल फोन तथा देसी शराब की एक छोटी बोतल बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मृतक नशे की हालत में वाहन चला रहा था और इसी दौरान दुर्घटनाग्रस्त होकर खेत में जा गिरा। घना घास और गहराई होने के कारण शव चार दिनों तक वहीं पड़ा रहा और किसी की नजर नहीं पड़ी।सूचना मिलते ही छुईखदान, खैरागढ़ और जालबांधा थाना क्षेत्र की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल खैरागढ़ भेजा गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। मृतक अपने पीछे चार मासूम बेटियां छोड़ गया है। पिता की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। यह दर्दनाक घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाने की आवश्यकता को रेखांकित कर रही है। बहरहाल पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page