खैरागढ़। गातापार थाना क्षेत्र के घाघरा जंगल में लापता हुए 55 वर्षीय व्यक्ति को केसीजी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार ग्राम परसाही निवासी गोविंद गोड अपने 9 साथियों के साथ बोलेरो से लांजी-बालाघाट देवी दर्शन के लिए गए थे। लौटते समय 20 सितंबर की शाम करीब 6 बजे घाघरा के आगे जंगल में कुछ लोग लघुशंका के लिए वाहन से उतरे। इस दौरान गोविंद गोड वापस वाहन में नहीं लौटे।साथियों ने ग्रामीणों की मदद से आसपास तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देशन एवं एएसपी के मार्गदर्शन में गातापार थाना और सीएएफ कैंप घाघरा की टीम ने सर्चिंग अभियान शुरू किया। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने गोविंद गोड को सकुशल बरामद कर उनके साथियों/परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने जंगल व दुर्गम क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और किसी व्यक्ति के गुम होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।
