
आमाघाटकादा में स्वामी विवेकानंद मेमोरियल स्कूल का हुआ उद्घाटन
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में छुईखदान ब्लॉक के ग्राम आमाघाटकादा में स्वामी विवेकानंद मेमोरियल स्कूल का उद्घाटन समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए वहीं अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य ललित चोपड़ा ने की। इस दौरान ग्राम पंचायत सूराडबरी में सीसी रोड निर्माण व प्राथमिक स्कूल में प्रार्थना शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण व जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विक्रांत सिंह ने कहा कि गांवों में सड़क, शिक्षा सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होने से लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। सीसी रोड निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा होगी और बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। जिले के कई हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी और प्राथमिक विद्यालयों में प्रार्थना शेड निर्माण की स्वीकृति दी गई है।
आने वाले समय में अन्य स्कूलों को भी इस योजना से जोड़ा जाएगा। श्री सिंह ने कहा कि प्रार्थना शेड बनने से विद्यार्थियों को प्रार्थना सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और शैक्षणिक गतिविधियों के आयोजन में बेहतर सुविधा मिलेगी जिससे बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने सुशासन तिहार का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अभियान के माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं तथा प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति पर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जनपद पंचायत सदस्य ज्योति जंघेल, आयश सिंह, दिवाकर सोनी, सुरेंद्र जंघेल, बलराम जंघेल, देवकुमार सेन, हरप्रसाद वर्मा, पूर्णाचंद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।