Advertisement
IMG-20241028-WA0001
IMG-20241028-WA0002
previous arrow
next arrow
Uncategorized

गौठान बंद, मूर्ति खंडित, फसलें बर्बाद-अब बर्दाश्त नहीं करेगी जनता: मिशन संडे

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. गौठानों की बदहाली, लावारिस मवेशियों की समस्या और प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर मिशन संडे टीम का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। वार्ड क्रमांक-14 सोनेसरार स्थित गौठान के निरीक्षण के बाद टीम ने नगर पालिका के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया और साफ शब्दों में चेताया कि अब सिर्फ आश्वासन नहीं कार्यवाही चाहिए। टीम के संयोजक मनराखन देवांगन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आवारा गायों को नगर पालिका के गेट पर बांधकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गौ माता के नाम पर सत्ता तो पाई लेकिन सत्ता में आते ही गौठान बंद कर दिए। अब नतीजा यह है कि मवेशी सड़कों पर घूम रहे हैं फसलें बर्बाद हो रही हैं और आये दिन हादसे हो रहे हैं। मनराखन देवांगन ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो हम नगर पालिका को ही कांजी हाउस बना देंगे, गायों को दफ्तर के अंदर घुसाकर वहीं बांध देंगे।

निरीक्षण के दौरान गौठान परिसर में स्थित भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति खंडित मिली। इस पर यादव समाज के वरिष्ठ सदस्य सूर्यकांत यादव ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और स्पष्ट किया कि अगर नई मूर्ति शीघ्र नहीं लगाई गई, तो यादव समाज आंदोलन करेगा।

निरीक्षण में सामने आया कि गौठान की दीवारें दरारों से भरी हैं, पानी की टंकी में क्रैक है और साफ-सफाई पूरी तरह नदारद है। किसानों ने बताया कि जब तक गौठान चालू था, मवेशी वहीं बंधे रहते थे और फसलें सुरक्षित रहती थीं। अब लावारिस मवेशी खेतों को चौपट कर रहे हैं और प्रशासन खामोश बैठा है। किसान कुंवरदास टंडन ने कहा कि गौठान बंद होने से हमारी खेती बर्बाद हो रही है। ये हमारी नहीं पूरी व्यवस्था की नाकामी है।

गौठान को तत्काल पुनः प्रारंभ किया जाये, खंडित मूर्ति के स्थान पर नई मूर्ति स्थापित हो, पानी की टंकी और परिसर की मरम्मत कराई जाये, चारे-पानी की समुचित व्यवस्था की जाये। एक स्थायी कर्मचारी की नियुक्ति हो जो नियमित देखरेख करे। टीम ने चेताया कि अगर मांगों पर शीघ्र अमल नहीं हुआ तो आंदोलन उग्र होगा।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सीएमओ नरेश वर्मा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। उन्होंने शीघ्र समस्या समाधान का भरोसा दिलाया लेकिन प्रदर्शनकारी आश्वासन से संतुष्ट नहीं दिखे। मनराखन देवांगन ने साफ कहा अब शब्द नहीं क्रियान्वयन चाहिए। जनता सब देख रही है और अगर फिर अनदेखी हुई, तो अगली बार हम गायों को नगर पालिका के दफ्तर के भीतर बांधेंगे। विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेता व नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विप्लव साहू, विधायक प्रतिनिधि अरुण भारद्वाज समेत कई कांग्रेस नेताओं ने भाग लिया। उन्होंने भाजपा सरकार और नगर पालिका प्रशासन पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि अगर समय रहते गौठानों की व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनता की उपेक्षा और लापरवाही का अंजाम प्रशासन को भुगतना पड़ेगा। प्रदर्शन के दौरान पूरन सारथी, रवींद्र सिंह गहरवार, महेश यादव, शेखर दास वैष्णव, सूरज देवांगन, कवल टंडन, भगवानी कोसरे, हरिदर्शन ढीमर, विनोद सिन्हा समेत बड़ी संख्या में मिशन संडे कार्यकर्ता, कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page