

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के निर्देश पर 7 अप्रैल से 12 अप्रैल तक चलाए जा रहे “गांव चलो-बस्ती चलो” अभियान के अंतर्गत जिला भाजपा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के मंडल खैरागढ़ द्वारा ग्राम ढोलियाकन्हार में व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिलाध्यक्ष घम्मन साहू तथा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य उपस्थित रहे। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। इस दौरान हितग्राहियों से मिलकर योजनाओं के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। गली भ्रमण के दौरान गांव में पानी निकासी की समस्या पर भी चर्चा हुई। जिला पंचायत सदस्य दिनेश वर्मा एवं जनपद सदस्य डॉ.चंदू वर्मा ने ग्रामीणों को नाली निर्माण के लिए राशि स्वीकृत होने की जानकारी दी जिससे ग्रामीणों ने राहत जताई। कार्यक्रम में शक्ति केंद्र प्रभारी चेतन वर्मा, तिजौ राम साहू, ग्राम पंचायत के सरपंच, पंचगण, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने “गांव चलो-बस्ती चलो” अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाई।
