KCG

गर्मी से पहले पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने कलेक्टर ने दिये निर्देश

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। कलेक्ट्रेट में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों और जनहित से जुड़े मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता से जुड़े मामलों में गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में गर्मी के मौसम को देखते हुए जिले की पेयजल व्यवस्था पर विशेष चर्चा की गई। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की जानकारी लेते हुए स्पष्ट किया कि गर्मी के दिनों में कहीं भी पेयजल संकट की स्थिति नहीं बननी चाहिए। जिन क्षेत्रों में पानी की समस्या की आशंका है वहां समय रहते आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही खराब हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत जलस्रोतों के नियमित रखरखाव और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि गर्मी के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। विशेष रूप से पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जनसुविधाओं को मजबूत बनाए रखने पर प्राथमिकता दी जाए।

बैठक में जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के विषय पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चिन्हांकित होटलों का पर्यटन विभाग में अनिवार्य पंजीयन कराया जाए जिससे जिले में आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और स्थानीय स्तर पर पर्यटन को बढ़ावा मिले। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान कार्ड आभा आईडी (ABHA ID) और वय वंदन कार्ड निर्माण की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों के अधिक से अधिक कार्ड बनाए जाएं ताकि उन्हें शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिल सके। बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को अपने घरों में सौर पैनल लगाने के लिए प्रेरित करते हुए विभाग प्रमुखों को अधीनस्थ कर्मचारियों और कार्यालयों में भी सौर ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा राजस्व विभाग के नामांतरण, बंटवारा सहित अन्य लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। समय-सीमा से बाहर लंबित मामलों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page