KCG

बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों का कल होगा मॉक ड्रिल परीक्षण

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में संभावित बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 20 अगस्त को छुईखदान तहसील स्थित छिंदारी बांध (छिंदारी के परींदे) में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। अभ्यास सुबह 10 बजे से शुरू होगा। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण गृह मंत्रालय भारत सरकार छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के संयुक्त तत्वावधान में यह अभ्यास किया जाएगा।

मॉक ड्रिल के दौरान बाढ़ की संभावित स्थिति का कृत्रिम रूप से अभ्यास कर राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण किया जाएगा। इसमें आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुरक्षित निकासी उपलब्ध संसाधनों के उपयोग तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की स्थिति को परखा जाएगा। साथ ही पुलिस प्रशासन बचाव दल एवं संबंधित विभागों की भूमिका और जिम्मेदारियों का भी व्यावहारिक परीक्षण किया जाएगा। अभ्यास का मुख्य उद्देश्य वास्तविक बाढ़ आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी व्यवस्थित एवं त्वरित बनाना है। मॉक ड्रिल के माध्यम से संभावित कमियों की पहचान कर आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मॉक ड्रिल को लेकर किसी प्रकार की घबराहट न करें। यह केवल प्रशिक्षण और तैयारियों के परीक्षण के लिए आयोजित किया जा रहा अभ्यास है। नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा गया है। प्रशासन ने नागरिकों से मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस बचाव दल और संबंधित अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने तथा अभ्यास को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है। इस मॉक ड्रिल से जिले में बाढ़ की स्थिति में त्वरित राहत सुरक्षित निकासी प्रभावी बचाव कार्य और विभागीय समन्वय को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page