गंडई व छुईखदान में निकाय चुनाव के लिये मतदान संपन्न, ईवीएम में कैद हुई प्रत्याशियों की किस्मत

जिले में कुल 83.50 प्रतिशत हुआ मतदान

जिले के नगरीय निकायों में सुचारु और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ मतदान
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. जिले के छुईखदान व गंडई में निकाय चुनाव का मतदान संपन्न हुआ। प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है। 15 फरवरी को मतगणना के बाद उनकी किस्मत का फैसला होगा। छुईखदान, गंडई में मतदान के दौरान मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। नगरीय निकाय क्षेत्र नगर पंचायत छुईखदान और नगर पंचायत गंडई के मतदान केंद्रों में सुचारु और शांतिपूर्ण रूप से मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। जिले में कुल 83.50 प्रतिशत मतदान हुआ है। सुबह से ही नगरीय निकाय निर्वाचन के तहत छुईखदान और गंडई में मतदाता उत्साह के साथ कतार में लगकर अपने मत अधिकार का प्रयोग किया। मतदाता स्वस्फूर्त पोलिंग बूथ पहुंचकर मतदान किया। सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक नगरीय निकाय निर्वाचन अंतर्गत नगर पंचायत छुईखदान और नगर पंचायत गंडई में अध्यक्ष और पार्षद पद के लिये मतदान हुआ। दोनों नगरीय क्षेत्र के कुल 16113 मतदाताओं में से कुल 13455 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें 6484 पुरूष व 6971 महिला शामिल है। इस तरह जिले के दोनों नगरीय क्षेत्र मिलाकर अध्यक्ष व पार्षद पद के लिए कुल 83.50 प्रतिशत मतदान हुआ है। नगर पंचायत छुईखदान में कुल 5885 मतदाता है। इनमें से 4918 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया जिसमें 2381 पुरूष और 2537 महिला मतदाता शामिल है। यहां कुल 83.57 मतदान हुआ है। इसी तरह नगर पंचायत गंडई में कुल 10228 मतदाता है, इनमें से 8537 मतदाओं ने वोट किया जिसमें 4103 पुरूष और 4434 महिला मतादाता शामिल है। यहां कुल 83.47 प्रतिशत मतदान हुआ है।