गंडई में पशु तस्करी करते 7 आरोपी गिरफ्तार

सत्यमेव न्यूज गंडई। जिले में पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंडई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अलग अलग मामलों में अवैध पशु परिवहन करने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 10 मवेशियों और दो पिकअप वाहनों समेत कुल 7 लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7 जून को ग्राम बिरखा स्थित घटियारी मंदिर के पास मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में मवेशियों को अमानवीय तरीके से भरकर महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नाकेबंदी कर वाहन क्रमांक सीजी 09 जेसी 2599 को रोका। जांच के दौरान वाहन में 5 बैल और 1 पांडा सहित कुल 6 मवेशी बिना चारा पानी के क्रूरतापूर्वक बांधे हुए पाए गए। मवेशियों की अनुमानित कीमत 80 हजार रुपये तथा वाहन की कीमत 3 लाख रुपये आंकी गई। पुलिस ने कुल 3 लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपी दयाराम पटेल (34) तोरन बाहेश्वर (40) और अश्वन पंचेश्वर (40) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिक्षण अधिनियम 2004 पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इसी दौरान एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने अपराध क्रमांक 184/2026 के तहत अवैध पशु परिवहन करते हुए महेन्द्र पटेल (27) कमलेश पटेल (23) पाण्डव पटेल (28) और रोहित पंचतिलक (36) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 2 बैल और 2 पांडा सहित कुल 4 मवेशी, जिनकी कीमत 60 हजार रुपये आंकी गई तथा एक पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 08 वी 6379 जब्त किया गया। इस प्रकरण में 3 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति बरामद हुई। दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 10 मवेशियों को मुक्त कराते हुए दो पिकअप वाहनों समेत 7 लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। गंडई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पशु तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Exit mobile version