

नागरिकों सहित आंगनबाड़ी के बच्चे हो रहे परेशान
सत्यमेव न्यूज गंडई पंडरिया। नगर पंचायत के वार्ड क्र.10 में आंगनबाड़ी भवन के पास स्थित सार्वजनिक सुलभ शौचालय बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। देखरेख के अभाव में शौचालय भवन खंडहर में तब्दील होता जा रहा है जिससे आसपास के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार शौचालय में पानी, बिजली, लाइट और दरवाजे जैसी मूलभूत सुविधाएं लंबे समय से नदारद हैं। इसके चलते शौचालय उपयोग के लायक नहीं रह गया है और लगभग बंद पड़ा है। इसके बावजूद नगर पंचायत द्वारा संबंधित संस्था को हर माह हजारों रुपये का भुगतान किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक इस शौचालय के संचालन और देखरेख की जिम्मेदारी नीलम समाज सेवी संस्था (एनजीओ) को दी गई है। बावजूद इसके, व्यवस्था सुधारने की दिशा में कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है। बंद पड़े शौचालय पर लगातार भुगतान किए जाने से नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यह स्थिति लापरवाही उदासीनता और संभावित मिलीभगत की ओर इशारा करती है जिससे जनसुविधाओं की अनदेखी साफ दिखाई दे रही है। इस संबंध में नगर पंचायत के सीएमओ अविनाश देवांगन से पक्ष जानने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका है।
