
विश्व विख्यात कामधेनु माता के किये दर्शन
गौ सेवा आत्मिक शांति और सामाजिक सद्भाव का माध्यम कुलपति शर्मा
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो.डॉ.लवली शर्मा ने मनोहर गौशाला का भ्रमण कर कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। गौशाला पहुँचने पर गौसेवक चमन डाकलिया ने पुष्पगुच्छ और गाय एक वरदान पुस्तक भेंटकर उनका स्वागत किया। कुलपति ने सर्वप्रथम कामधेनु माता के समक्ष नमन कर गौशाला परिसर में संचालित अर्क निर्माण, फसल अमृत एवं अन्य जैविक उत्पादों की प्रक्रियाओं को विस्तार से समझा। उन्होंने गौशाला की स्वच्छता, अनुशासन एवं सेवाभावी वातावरण की विशेष सराहना की। कुलपति ने कहा कि मनोहर गौशाला केवल पशुओं की देखरेख का केंद्र नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और मूल्यों को सहेजने वाला प्रेरणास्रोत है यहां की शांत एवं आध्यात्मिक ऊर्जा जनसामान्य को सेवा, करुणा और संवेदना का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा के माध्यम से समाज में मानव कल्याण और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य सहज रूप से आगे बढ़ते हैं।