खैरागढ़ में 9 फरवरी को पार्थिव शिवलिंगों के महारूद्राभिषेक का भव्य आयोजन

कार्यक्रम के अंतिम तैयारी में जुटी आयोजन समिति

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. जिला मुख्यालय स्थित फतेह खेल मैदान में रविवार 9 फरवरी को भगवान शिव के पार्थिव शिवलिंगों का महारूद्राभिषेक होगा। श्रीराम गौसेवा समिति, जय जगन्नाथ सेवा समिति व राजपरिवार दुर्गा उत्सव समिति के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित उक्त महारूद्राभिषेक में खैरागढ़ सहित छुईखदान, गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर व बिलासपुर के शिवभक्त अपने परिजनों के साथ शामिल होकर पार्थिव शिवलिंग का महारूद्राभिषेक करेंगे। इस भव्य आयोजन के लिए फतेह मैदान में सप्ताह भर पहले ही तैयारी शुरू कर दी गई है। फतेह मैदान के मुख्य द्वार को इस बार अनोखे अंदाज में सजाया जा रहा है जो शिवभक्तों के लिये आकर्षण का केन्द्र रहेगा। ज्ञात हो कि यह समिति द्वारा लगातार तीसरा आयोजन होगा, पिछले दो वर्षाें से फतेह मैदान में आयोजित होने वाले इस महारूद्राभिषेक की चर्चा प्रदेश के कई बड़े शहरों तक है। कार्यक्रम में निर्धारित राशि जमा करने के बाद आयोजन समिति द्वारा शिव महारूद्राभिषेक की व्यवस्था की गई है। एक पार्थिव शिवलिंग के रूद्राभिषेक के लिये अधिकतम पांच सदस्य शामिल होते है। रूद्राभिषेक के साथ ही यहां विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे। उक्त आयोजन के लिये एक हजार से अधिक पार्थिव शिवलिंग का निर्माण छुईखदान में कुम्हार परिवारों द्वारा किया जा रहा है। बीते वर्ष भी नगर में हुये महारूद्राभिषेक के लिए इन्हीं कुम्हार परिवारों के द्वारा पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया गया था। महारूद्राभिषेक कार्यक्रम को बिलासपुर के प्रसिद्ध पंडित सृजन महाराज के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में संपन्न कराया जायेगा।