Advertisement
Uncategorized

खैरागढ़ में 22 फरवरी को आयोजित होगी सीजीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी को खैरागढ़ के दो निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर संपन्न होगी। परीक्षा के आयोजन की तैयारियां जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन में पूर्ण कर ली गई हैं। नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर रेणुका रात्रे के अनुसार इस परीक्षा के लिए कुल 564 अभ्यर्थियों का पंजीयन हुआ है। परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। पहले सत्र में प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सामान्य अध्ययन का प्रश्नपत्र होगा जबकि दूसरे सत्र में अपरान्ह 3 बजे से शाम 5 बजे तक एप्टीट्यूड टेस्ट आयोजित की जाएगी। परीक्षा केन्द्र के रूप में रानी रश्मिदेवी सिंह शासकीय महाविद्यालय खैरागढ़ केन्द्र क्रमांक 2901 तथा डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बक्सी मॉडल शासकीय मल्टी हायर सेकण्डरी स्कूल खैरागढ़ केन्द्र क्रमांक 2902 निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रथम पाली के लिए सुबह 9:45 बजे और द्वितीय पाली के लिए दोपहर 2:45 बजे मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।अभ्यर्थियों को फोटोयुक्त प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या आधार कार्ड अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा। उत्तर पुस्तिका भरने के लिए केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन की अनुमति रहेगी। ड्रेस कोड का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। हल्के रंग के आधी बांह के वस्त्र पहनकर ही प्रवेश मिलेगा। गहरे रंग जैसे काला, गहरा नीला, हरा, जामुनी, मैरून या गहरा चॉकलेटी रंग तथा आकर्षक या डिजाइनर परिधान प्रतिबंधित रहेंगे। महिला अभ्यर्थियों को भी पूर्ण बांह के वस्त्र पहनने की अनुमति नहीं है। केन्द्राध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र कुमार साखरे ने अभ्यर्थियों से परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पूर्व केन्द्र पहुंचने की अपील की है ताकि मेटल डिटेक्टर जांच, मैन्युअल तलाशी, पहचान सत्यापन और फेस मैचिंग की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील भी की गई है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page