खैरागढ़ में 22वें रास गरबा महोत्सव का भव्य समापन, 2200 प्रतिभागियों ने एक साथ बिखेरे भारतीय संस्कृति के रंग

खैरागढ़। संगीत नगरी खैरागढ़ के ऐतिहासिक राजा फतेह सिंह खेल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय 22वें रास गरबा महोत्सव का उमंग, उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच समापन हुआ। नगर दशहरा उत्सव समिति के आयोजन में 65 से अधिक ग्रुप्स के लगभग 2200 प्रतिभागियों ने गरबा और डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। आयोजन के दौरान प्रतिदिन करीब 10 से 15 हजार लोगों की मौजूदगी रही। बड़ी संख्या में शहरवासियों और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे दर्शकों की भागीदारी ने महोत्सव को भव्य स्वरूप प्रदान किया। पूरे आयोजन के दौरान जिला पुलिस की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के चलते उत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। नगर दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह तथा नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर की अगुवाई में आयोजित इस महोत्सव ने खैरागढ़ की सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक सहभागिता को एक बार फिर जीवंत किया। आयोजन की शुरुआत डॉ.पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्कूल परिसर से हुई थी। 22 वर्षों की निरंतरता के साथ यह उत्सव अब शहर के प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल हो चुका है।

महोत्सव के अंतिम दिन विभिन्न वर्गों की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मिनी ग्रुप में ब्राइट स्पार्क प्रथम, वीपीएस स्टार द्वितीय और इलिजियम पब्लिक स्कूल तृतीय स्थान पर रहा। जूनियर वर्ग में आदर्श कन्या शाला ने पहला, शुभ नवरात्रि स्क्वाड ने दूसरा और आंग्ल पूर्व माध्यमिक शाला ने तीसरा स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग में पीएमश्री बख्शी स्कूल प्रथम, वेसलियन स्कूल द्वितीय और हाईस्कूल अमलीपारा तृतीय रहा। फ्री ग्रुप में शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज ने प्रथम, राधाकृष्ण गरबा ग्रुप ने द्वितीय और युवा कॉलेज ऑफ आईटी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं रानी रश्मि देवी सिंह शासकीय महाविद्यालय ग्रुप को ‘खैरागढ़ आइडल’ के खिताब से नवाजा गया।

विशेष श्रेणी में रंगरेज गरबा ग्रुप को ‘उभरते सितारे’, बरेठपारा ग्रुप को ‘स्वच्छता पुरस्कार’, नूर ए रास गरबा ग्रुप को ‘आकर्षक वेशभूषा’ और डाइट खैरागढ़ को ‘अनुशासित टीम’ का सम्मान मिला। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में ब्राइट स्पार्क ग्रुप के अभिराज शर्मा को ‘मास्टर ईव’, लिटिल डांडिया क्वींस ग्रुप की शिविजा मिश्रा को ‘बेबी मिस ईव’, पॉलिटेक्निक कॉलेज के मनपंवर पटेल को ‘मिस्टर ईव’ तथा रंगरेज गरबा ग्रुप की आस्था सिंह को ‘मिस ईव’ का खिताब प्रदान किया गया। समापन समारोह में जिपं उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, नपा अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष राजेश्री त्रिपाठी, समाजसेवी घम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष बिसेसर साहू, सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, विकेश गुप्ता, रामाधार रजक, मंडल अध्यक्ष दिनेश वर्मा, पार्षद विनय देवांगन और शशांक ताम्रकार सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं शहरवासी उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता टीमों को शुभकामनाएं दी।

13 से 15 अक्टूबर तक चले गरबा महोत्सव में जिला पुलिस ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे। उत्सव स्थल पर सतत निगरानी और पुलिस बल की सक्रियता के चलते आयोजन के दौरान शांति व्यवस्था बनी रही। परिवारों के साथ पहुंचे लोगों ने सुरक्षित और उत्साहपूर्ण माहौल में कार्यक्रम का आनंद लिया।

नगर दशहरा उत्सव समिति की ओर से आगामी 19 अक्टूबर, सोमवार को राजा फतेह सिंह खेल मैदान में सुप्रसिद्ध जस पचरा सम्राट दिलीप षड़ंगी के भक्तिमय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। समिति ने शहरवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

↑
Exit mobile version