खैरागढ़ में 110 हेक्टेयर में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की तैयारी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में औद्योगिक निवेश बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से जिला निवेश प्रोत्साहन समिति की द्वितीय बैठक कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में जिले में लगभग 110 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की दिशा में चल रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, सीएसपीडीसीएल, श्रम, खनिज, मछली पालन विभाग, नगर पालिका खैरागढ़ के अधिकारी तथा रसना बायोटेक के डायरेक्टर अनंत चोपड़ा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। समिति के सदस्य सचिव एवं महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र प्रणय बघेल ने बताया कि समिति के माध्यम से 5 करोड़ रुपये तक की लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा और निराकरण किया जाएगा। इससे अधिक लागत वाली परियोजनाओं को संभाग और राज्य स्तरीय समिति को भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत अस्पताल, मिनी मॉल और सीबीएसई स्कूल की स्थापना पर भी अनुदान का प्रावधान है। बैठक में सीईओ जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल ने जिले में एग्री टूरिज्म और होम स्टे को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने छिंदारी, पैलीमेटा, ठाड़पानी और बैगा बाहुल्य क्षेत्रों में पर्यटन विकास की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
खनिज विभाग ने जिले में नई खदानों के लिए सर्वे कार्य जारी होने की जानकारी दी वहीं कलेक्टर ने मछली पालन विभाग को झींगा मछली उत्पादन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उद्यमी अनंत चोपड़ा ने बताया कि उनके द्वारा स्थापित बायोमास पैलेट प्लांट से उत्पादित सामग्री एनटीपीसी पावर प्लांट को भेजी जा रही है जिससे स्थानीय स्तर पर उद्योग की संभावनाएं बढ़ रही हैं। बैठक के अंत में कलेक्टर ने जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र को निर्देश दिए कि नई औद्योगिक नीति के प्रावधानों की जानकारी जिले और आसपास के उद्योगपतियों, अस्पतालों तथा शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचाई जाए ताकि जिले में निवेश को प्रोत्साहन मिल सके साथ ही उद्योग संचालनालय के माध्यम से विशेषज्ञों द्वारा जिले का औद्योगिक प्रोफाइल तैयार कराने के भी निर्देश दिए।

Exit mobile version