Advertisement
धर्म

खैरागढ़ में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया हनुमान जन्मोत्सव

खैरागढ़। जिला मुख्यालय खैरागढ़ सहित छुईखदान, गंडई, साल्हेवारा, जालबांधा, मुढ़ीपार, ठेलकाडीह एवं जिले के विभिन्न ग्रामों में रामभक्त भगवान हनुमान की जयंती श्रद्धा, उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाई गई। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन-पूजन, भंडारा और शोभायात्राओं का आयोजन किया गया जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। खैरागढ़ में वीर हनुमान सेवा समिति द्वारा तुरकारी पारा स्थित शिव मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव का 16वां वर्ष धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल विधि-विधान से हवन-पूजन के साथ हुई। इसके पश्चात दोपहर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया। शाम के समय नगर भ्रमण के लिए भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में ढोल-धुमाल की गूंज, छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध अखाड़ों का आकर्षक प्रदर्शन, डीजे, नयनाभिराम जीवंत झांकियां तथा आतिशबाजी मुख्य आकर्षण रहे। हैरतअंगेज अखाड़ा प्रदर्शन को देखने के लिए मार्ग में जगह-जगह लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु “जय श्रीराम” और “जय हनुमान” के जयघोष करते नजर आए। कार्यक्रम का समापन संगीतमय हनुमान चालीसा पाठ एवं महाआरती के साथ हुआ।

इस अवसर पर नगर के जनप्रतिनिधि, व्यापारीगण, प्रबुद्धजन एवं विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में हनुमान भक्त उपस्थित रहे। समिति के वरिष्ठ सदस्यों सहित अनेक युवाओं ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। इधर, खैरागढ़ विद्युत वितरण कंपनी के टाउन परिसर स्थित हनुमान मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना के साथ भव्य भंडारे का आयोजन किया गया वहीं पुराना थाना के पीछे स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर का भक्तों ने स्वयं के सहयोग से जीर्णोद्धार कर परिसर का रंग-रोगन एवं साफ-सफाई कर विशेष पूजा-अर्चना की यहां स्थित विशाल पीपल वृक्ष की पूजा-अर्चना कर शिव मंदिर में आरती भी की गई। जिले भर में हनुमान जयंती के अवसर पर जगह-जगह भजन-कीर्तन, भंडारा एवं प्रसादी वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लेकर भगवान हनुमान से सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। पूरे क्षेत्र में दिनभर धार्मिक और भक्तिमय वातावरण बना रहा।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page