Uncategorized

खैरागढ़ में सड़क हादसों पर लगातार बढ़ती जा रही चिंता

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सामाजिक न्याय संगठन के महिला विंग नार्थ जोन की राष्ट्रीय अध्यक्ष रानी राजलक्ष्मी तिवारी ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि आए दिन हो रहे हादसों में लोगों की जान जा रही है जिसे रोकने के लिए प्रशासन के साथ समाज के सभी वर्गों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। साथ ही वाहन बीमा फिटनेस और प्रदूषण प्रमाण पत्र पीयूसी जैसे आवश्यक दस्तावेजों को समय समय पर अद्यतन रखना भी जरूरी है। उनका कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल शासन प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। रानी राजलक्ष्मी तिवारी ने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं नशे की हालत में वाहन चलाने के कारण हो रही हैं। जागरूकता अभियानों के बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है जो चिंताजनक है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में तेज रफ्तार पर नियंत्रण के लिए ग्राम पंचायतों की भूमिका को अहम बताया। उनका सुझाव है कि गांवों के मुख्य मार्गों पर स्पीड ब्रेकर अथवा लोहे के बैरियर लगाए जाएं जिससे भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित हो सके और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने बताया कि इस विषय में वे दो बार जनपद पंचायत खैरागढ़ को पत्र लिख चुकी हैं लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने जनपद स्तर पर सभी सरपंचों की बैठक बुलाकर इस गंभीर मुद्दे पर विस्तृत चर्चा करने की मांग की है। रानी राजलक्ष्मी तिवारी ने कहा कि उन्होंने स्वयं कई सड़क हादसों को देखा है जिससे वे अत्यंत व्यथित हैं। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गांव-गांव में सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने की अपील की ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जनहानि रोकी जा सके।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page