KCG

जल आवर्धन योजना के प्रभावितों ने सांसद के नाम ज्ञापन सौंप की मुआवजे की मांग

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. जल आवर्धन योजना के बदले प्रोजेक्ट से प्रभावितों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है जबकि प्रभावितों की जमीन एनीकट की ऊँचाई बढ़ने से डुबान में आ चुकी है। गुरुवार को प्रभावितों ने सांसद संतोष पांडे के नाम ज्ञापन सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह को सौंपा और जल्द मुआवजा दिलाने की मांग की जिस पर प्रतिनिधि श्री सिंह ने नगर पालिका के सीएमओ सहित संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर प्रभावितों को राहत देने जल्द से जल्द प्रक्रिया पूर्ण करने कहा। ज्ञापन सौंपने वालों में लालपुर-मोंगरा वार्ड के प्रभावित रत्नेश निषाद, रतन निषाद, चेतन निषाद, सुरेंद्र वर्मा, शुभम वर्मा, ईश्वर, गोपेंद्र वर्मा, ठाकुर राम, गोविंद, कचरू, हरिराम निषाद, सुकदास सहित अन्य प्रभावित मौजूद रहे।

नहीं दिया मुआवजा और हो गया एनीकट का काम

जल आवर्धन योजना के तहत पाइप लाइन के माध्यम से छिंदारी बाँध से पानी आना था लेकिन बताया जा रहा है कि भाजपा शासन काल में स्वीकृत योजना का प्रोजेक्ट कॉंग्रेस शासनकाल में पूरी तरह से बदल गया। पाइप लाइन की जगह लालपुर एनीकट की ऊँचाई बढ़ाकर पानी स्टोर करने की योजना पर काम शुरू हुआ। नगर पालिका ने ढाई करोड़ की राशि जल संसाधन विभाग को हैंड ओवर भी कर दी। एनीकट की ऊँचाई बढ़ने से प्रभावित होने वाले लोगों को उचित मुआवजा दिए बिना काम भी शुरू कर दिया गया और सिंचाई विभाग ने लगभग ढाई करोड़ खर्च कर एनीकट की ऊँचाई भी बढ़ा दी लेकिन अब प्रभावितों का हिस्सा पानी स्टोरेज होने की वजह से डूब रहा है। पूरे मामले में अब तक प्रभावितों को मुआवजा नहीं दिया गया है। बताया जा रहा है कि पालिका व राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने एक वर्ष पहले प्रभावित क्षेत्र का नाप-जोख़ किया था। क्षेत्र आवासीय होने व प्रभावित लोगों के रहने-बसने का आधार है लेकिन अब डूबान में आने से प्रभावित लोगों का जीवन यापन प्रभावित हो रहा है। मामले में सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह ने बताया कि जल आवर्धन योजना में एनीकट की ऊँचाई बढ़ाने से प्रभावितजनों ने ज्ञापन सौंपा है। इस संबंध में सीएमओ से चर्चा कर जल्द से जल्द निदान करने कहा गया है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page