KCG

जन्मदिन पर बरगद का पौधा लगाकर जिपं उपाध्यक्ष ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का प्रेरक संदेश देते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्य समिति सदस्य विक्रांत सिंह ने अपने जन्म दिवस के अवसर पर अमलीपारा स्थित विकसित हो रहे बर्थ-डे पार्क में बरगद का पौधा रोपा। नगर की विभिन्न सेवाभावी संस्थाओं द्वारा संचालित ‘आत्मनिर्भर अभियान’ के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने पौधे के संरक्षण एवं उसके पूर्ण विकसित वृक्ष बनने तक देखभाल की जिम्मेदारी निभाने ट्री-गार्ड भी लगाया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर विक्रांत सिंह ने कहा कि जन्म दिन जैसे विशेष अवसरों को केवल उत्सव तक सीमित न रखकर पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके वृक्ष बनने तक संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। उनका कहना था कि यही आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे मूल्यवान उपहार होगा। उल्लेखनीय है कि अमलीपारा का बर्थ-डे पार्क आत्मनिर्भर अभियान की जन-जागरूकता पहल के बाद पर्यावरण संरक्षण का एक प्रेरक केंद्र बनकर उभर रहा है। यहां समाज के विभिन्न वर्गों, व्यवसायियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अब जनप्रतिनिधियों व राजनीतिक दलों से जुड़े लोग भी अपने जन्मदिन पर पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दे रहे हैं। इस पहल से संगीत नगरी खैरागढ़ में पर्यावरण के प्रति सकारात्मक जागरूकता बढ़ रही है और नागरिकों की भागीदारी भी लगातार मजबूत हो रही है। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता घम्मन साहू, नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर, उनके प्रतिनिधि नंद चंद्राकर, वरिष्ठ भाजपा नेता विकेश गुप्ता, नगर पालिका सभापतिगण विनय देवांगन, रूपेंद्र रजक, सुमित टांडिया, महिला नेत्री नीलिमा गोस्वामी, वंदना टांडेकर, नीलम राजपूत, आत्मनिर्भर अभियान के वरिष्ठ सदस्य समसूल होदा खान, गोविंद सोनी, अमीन मेमन, प्रणय महोबिया, रुपेश देवांगन, संजय वालेचा, व्यापारी मोटवानी, शक्ति यादव, राजू यादव, प्रभात यादव, दिनेश टांडेकर, बाला रजक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अभियान से जुड़े सेवाभावी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page