खैरागढ़ में चार माह से मानदेय नहीं मिलने पर रसोइया संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ मध्यान्ह भोजन रसोइया संघ, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई ने मध्यान्ह भोजन योजना में कार्यरत रसोइयों को पिछले चार माह से मानदेय नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। संघ ने खंड शिक्षा अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की है। संघ ने ज्ञापन में बताया कि जिले में मध्यान्ह भोजन योजना के तहत कार्यरत रसोइयों को लगभग चार माह से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। इसके बावजूद रसोइये नियमित रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। लंबे समय से मानदेय लंबित होने के कारण रसोइयों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति बनी हुई है। रसोइया संघ ने चेतावनी दी है कि 1 अक्टूबर 2026 तक लंबित मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो जिले के सभी मध्यान्ह भोजन रसोइये संचालन कार्य बंद करने के लिए बाध्य होंगे। संघ ने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी शासन एवं संबंधित विभाग की होगी। संघ ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की है। ज्ञापन में संघ के अध्यक्ष टीकम कोठले, सचिव निर्मल दास साहू, मनीषा निषाद, गणपत, सुनीता वर्मा, अख्तरी बेगम, अमेरिका बाई, लौनी साहू सहित संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के हस्ताक्षर हैं।

↑
Exit mobile version