KCG

कट्टहा नवागांव में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, कारण अज्ञात

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. जिले के ग्राम कट्टहा नवागांव में 14 मई की देर रात एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शक्ति कुमार गंधर्व (उम्र 25 वर्ष), पिता शोभा राम गंधर्व निवासी कट्टहा नवागांव थाना खैरागढ़ ने 14 मई दिन बुधवार देर रात लगभग 11 बजे अपने घर में ही फंदे से फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि युवक ने आत्महत्या के लिए घर में रखे गमछे का इस्तेमाल किया। परिवार के लोगों ने जब अचानक शक्ति को फांसी के फंदे पर लटका देखा तो वे घबरा गए। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया और तत्काल 108 एंबुलेंस को कॉल कर सिविल अस्पताल खैरागढ़ ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सुपुर्द किया गया है। बहरहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और खैरागढ़ पुलिस मामले की जांच को लेकर परिजनों व अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की वजहों का पता लगाया जा सके।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page