Uncategorized

खैरागढ़ ब्लॉक के चार गांवों को 43 लाख के विकास कार्यों की सौगात

खैरागढ़। खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने गुरुवार को खैरागढ़ ब्लॉक के चार गांवों का दौरा कर करीब 43 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान ग्राम कांचरी, जुनवानी, परसुली और बोदागढ़ में विभिन्न निर्माण कार्यों की सौगात ग्रामीणों को मिली। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत किया।

ग्राम कांचरी में 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पुलिया का भूमिपूजन किया गया। पुलिया निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, विशेषकर बारिश के दिनों में होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। इसी गांव में विधायक निधि से तीन लाख रुपये की लागत से निर्मित मंच का लोकार्पण भी किया गया।

ग्राम जुनवानी में 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन पंचायत भवन का लोकार्पण किया गया। नए भवन से पंचायत के प्रशासनिक कार्यों के संचालन में सुविधा होगी और ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं एवं पंचायत संबंधी कार्यों के लिए बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी।

ग्राम परसुली में विधायक निधि से पांच लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया गया। भवन बनने से ग्रामीणों को सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए स्थान उपलब्ध होगा। वहीं, ग्राम बोदागढ़ में पांच लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड का भूमिपूजन किया गया। सड़क निर्माण से गांव की आंतरिक गलियों में आवागमन सुगम होने के साथ कीचड़ और जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुलिया, पंचायत भवन और सामुदायिक भवन जैसी सुविधाओं का विकास आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से ग्रामीणों की जरूरतें पूरी होंगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। जनता की समस्याओं का समाधान करना और उनकी मांगों के अनुरूप विकास कार्य कराना उनकी जिम्मेदारी है। कार्यक्रमों में वरिष्ठ कांग्रेस नेता नीलांबर वर्मा, हेमकल्याणी तोड़े, दिलीप शर्मा, संदीप सिरमौर ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, विधायक प्रतिनिधि नरेंद्र सेन, हिमांचल राजपूत, संतोष वर्मा, टीकम वर्मा, यादराम साहू, कोमल वर्मा, अश्वनी वर्मा, नरेश वर्मा, चंद्रेश वर्मा, गैंदा पाल, अवध वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंच-सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page