
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। रानी रश्मि देवी नगर निवासी मनीष साहू ने इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) द्वारा आयोजित चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। ज्ञात हो कि प्रारंभ से मेधावी छात्र रहे मनीष सहारा संस्थान से जुड़े पी.सी. साहू के पुत्र है और उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कक्षा 10वीं की पढ़ाई खैरागढ़ के माइल स्टोन पब्लिक स्कूल तथा कक्षा 12वीं की पढ़ाई राजनांदगांव के डीपीएस स्कूल से पूरी की। अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, अनुशासित तैयारी और निरंतर अभ्यास को देते हुए मनीष ने बताया कि उन्होंने परीक्षा की तैयारी के दौरान अधिक से अधिक प्रश्न-पत्रों का अभ्यास किया तथा ऑनलाइन अध्ययन सामग्री का व्यवस्थित ढंग से अध्ययन एवं पुनरावृत्ति की। उनका मानना है कि कठिन परिश्रम, समय प्रबंधन और निरंतरता किसी भी प्रतिस्पर्धी परीक्षा में सफलता की कुंजी हैं। मनीष की इस उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों, मित्रों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता वाणिज्य के क्षेत्र में प्रयास कर रहे युवा विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही है।