
जिले के अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर बड़ी सफलता
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। अवैध धान की बिक्री रोकने को लेकर जिले के अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर जिला प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है। खैरागढ़ के गातापार जंगल चेकपोस्ट में 301 कट्टा अवैध धान जप्त किया गया है। जानकारी अनुसार कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल के निर्देश पर जिले में चल रहे अवैध धान परिवहन पर कार्रवाई के क्रम में प्रशासन ने शुक्रवार की सुबह बड़ी सफलता हासिल की। एसडीएम टंकेश्वर प्रसाद साहू के नेतृत्व में खाद्य निरीक्षक विनोद सागर, मंडी उप निरीक्षक हरीश सिंह और राम किशुन सिंह की टीम ने गातापार जंगल चेकपोस्ट में जांच की।

यूपी की ट्रक से डोंगरगांव जा रहा था धान से भरा ट्रक
सुबह लगभग 6:30 बजे जांच के दौरान उत्तर प्रदेश के वाहन क्रमांक यूपी 70 एमटी 0779 को रोका गया। वाहन में 301 कट्टा (लगभग 120 क्विंटल) धान बिना दस्तावेज़ के अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। पूछताछ में पता चला कि यह धान राजनांदगांव स्थित अन्नपूर्णा इंडस्ट्रीज एंड प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड डोंगरगांव ले जाया जा रहा था।
अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर टीम ने वाहन सहित पूरे 301 कट्टा धान को मौके पर ही जप्त कर लिया। जप्त सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु गातापार जंगल चेकपोस्ट की सुपुर्दगी में रखा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध धान परिवहन पर सतत निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी।
