खैरागढ़ के इंदिरा आवास के 100 परिवारों को अभी भी बेहतर सड़क और रोशनी का इंतजार, ज्ञापन सौंप जिला प्रशासन से की व्यवस्था सुधारने की मांग

खैरागढ़। नगर पालिका के वार्ड क्र.20 स्थित इंदिरा आवास एकीकृत आवास एवं झुग्गी विकास कार्यक्रम के तहत निर्मित (आईएचएसडीपी कॉलोनी) में रहने वाले लगभग 100 परिवार आज भी सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं वहीं नवीन कन्या महाविद्यालय के निर्माण से मौजूदा अस्थायी रास्ता बंद होने की आशंका ने भी उनकी परेशानी बढ़ा दी है। इसे लेकर पूर्व पार्षद और भाजपा नेत्री प्रीति यादव के नेतृत्व में वार्डवासियों ने 13 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर स्थायी मार्ग और प्रकाश व्यवस्था की मांग की है। व्याप्त समस्या को लेकर रहवासियों के अनुसार यहाँ पथरीले और गड्ढों से भरे रास्ते पर अंधेरे में आवागमन करना जोखिम भरा ही है ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों, दिव्यांगों और विद्यार्थियों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है। बीमार व्यक्ति को अस्पताल ले जाने और मजदूरी के लिए शहर आने-जाने में भी बेशुमार दिक्कत है।

रहवासियों ने बताया कि यहां नवीन कन्या महाविद्यालय के निर्माण के चलते वर्तमान रास्ता बंद होने की स्थिति में है और ऐसे में यहाँ निवासरत अत्यंत गरीब परिवारों के सामने आवागमन का गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। समस्या के समाधान के लिए वार्डवासियों ने मांग की है कि रास्ता बंद होने से पहले वैकल्पिक स्थायी मार्ग सुनिश्चित किया जाए और स्ट्रीट लाइट लगाई जाए। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर, संबंधित निर्माण विभाग के कार्यपालन अधिकारी और मुख्य नगर पालिका अधिकारी को भी भेजी गई है। अब प्रशासन तथा शासन के प्रतिनिधियों के सामने इन परिवारों को सुरक्षित आवागमन और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की चुनौती है।

↑
Exit mobile version