खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच, गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर विभाग सख्त

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। बने खाबो बने रहिबो 2.0 विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान के दूसरे दिन ठेलकाडीह क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा और अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा। अभियान के दौरान मेसर्स बालाजी स्वीट्स का निरीक्षण किया गया। यहां से खोवा मोतीचूर लड्डू और मैसूर पाक के तीन विधिक नमूने लिए गए। सभी नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी। इसी क्रम में मेसर्स कान्हा बेकरी का भी निरीक्षण किया गया। विभागीय अधिकारियों ने संचालक को एनालॉग पनीर एवं इसी प्रकार के अन्य सदृश उत्पादों का विक्रय या भंडारण नहीं करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिष्ठान में साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन को अद्यतन रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि बने खाबो बने रहिबो 2.0 अभियान के माध्यम से खाद्य पदार्थों में मिलावट और अमानक सामग्री के उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और आवश्यक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Exit mobile version