वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर दो निजी स्वास्थ्य संस्थानों को बंद रखने के निर्देश

खैरागढ़। जिले में निजी स्वास्थ्य संस्थानों के संचालन की जांच के लिए नर्सिंग होम एक्ट की टीम ने ग्राम कुर्रुभाठ स्थित संतोष कुमार के क्लिनिक और ठेलकाडीह स्थित एसएस हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान संचालन से संबंधित वैध दस्तावेज एवं अनिवार्य पंजीयन प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दोनों संस्थानों को आगामी आदेश तक बंद रखने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुक्ला के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में टीम ने संस्थानों के पंजीयन एवं संचालन संबंधी दस्तावेजों की जांच की। निरीक्षण दल में नोडल अधिकारी डॉ.मोहम्मद असलम, डॉ.बोधन परते, डॉ.एस.एस. साहू एवं मेडिकल ऑफिसर डॉ.पंकज वैष्णव शामिल रहे। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में संचालित सभी निजी अस्पतालों, क्लिनिक एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए नियमानुसार पंजीयन और वैध दस्तावेज अनिवार्य हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।

↑
Exit mobile version