
रिकॉर्ड और स्टॉक में गड़बड़ी मिलने पर नोटिस जारी

जांच बाद एक केंद्र की बिक्री रोकी गई
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद बीज और उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने मंगलवार को सघन निरीक्षण अभियान चलाया। उपसंचालक कृषि और कृषि निरीक्षक की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित 6 कृषि केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई केंद्रों में रिकॉर्ड संधारण स्टॉक रजिस्टर विक्रय पंजी और लाइसेंस से जुड़ी अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित संचालकों से मौके पर ही जवाब मांगा और नियमों के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। विभाग ने अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कृषि केंद्र संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान एक कृषि केंद्र में गंभीर गड़बड़ी पाए जाने पर वहां उपलब्ध स्टॉक के विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। संबंधित संचालक को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं। कृषि विभाग ने कहा है कि किसानों के हितों की सुरक्षा और कृषि सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

