कुलसचिव बदलते ही खैरागढ़ विश्वविद्यालय में प्रशासन कार्यों में आयी तेजी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में कुलसचिव पद पर परिवर्तन के साथ ही प्रशासनिक गतिविधियों में तेजी दर्ज की गई है। प्रभारी कुलसचिव डॉ.सौमित्र तिवारी के कार्यमुक्त होने के बाद सहप्राध्यापक वेंकट रमन गुड़े ने कुलसचिव का दायित्व संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करने के साथ ही श्री गुड़े ने लंबित प्रशासनिक मामलों पर त्वरित कार्यवाही शुरू कर दी। कार्यभार संभालने के पहले ही दिन कुलसचिव कार्यालय में लंबित पड़ी 60 से अधिक फाइलों को परीक्षण और आवश्यक कार्यवाही के लिए आगे बढ़ाया गया। बताया जा रहा है कि कार्यालय की अलमारी में रखी कई अन्य फाइलें भी लंबित स्थिति में हैं जिनके सामने आने के बाद उन पर भी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। गौरतलब है कि पिछले कई महीनों से कुलसचिव कार्यालय में बड़ी संख्या में फाइलें लंबित थीं जिससे विश्वविद्यालय के विभिन्न प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे। इस स्थिति को लेकर कर्मचारियों में असंतोष भी देखा जा रहा था। नए कुलसचिव के पदभार ग्रहण करने के बाद प्रशासनिक कार्यों में आई सक्रियता से कर्मचारियों के बीच सकारात्मक माहौल बना है। कुलपति के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के हितों को प्राथमिकता देते हुए कार्यों को गति देने के प्रयास जारी हैं साथ ही कर्मचारियों से संबंधित मांगों के निराकरण की दिशा में भी आवश्यक पहल की जा रही है।

Exit mobile version