छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़

ऑपरेशन मुस्कान के तहत गंडई पुलिस को बड़ी सफलता, नागपुर से बरामद हुई नाबालिग बालिका

सत्यमेव न्यूज गंडई। जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत गंडई पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे महाराष्ट्र के नागपुर शहर से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 28 अप्रैल को गंडई थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री 27 अप्रैल से घर से लापता है। परिजनों को आशंका थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुसलाकर उसे अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर थाना गंडई में अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने गंभीरता से कार्रवाई करते हुए साइबर सेल की मदद से बालिका के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की। जांच में लोकेशन नागपुर महाराष्ट्र की मिलने पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम तत्काल रवाना की गई। पुलिस टीम ने नागपुर के वंजारी नगर क्षेत्र में दबिश देकर एक रिश्तेदार के घर से नाबालिग बालिका को बरामद किया। जांच के दौरान पता चला कि उसे लेकर जाने वाला किशोर विधि से संघर्षरत बालक है। महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष दिए गए बयान में बालिका ने बताया कि आरोपी किशोर उसे नागपुर घूमाने के बहाने अपने साथ ले गया था। पुलिस के अनुसार मामले में अपहरण संबंधी धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। केसीजी पुलिस की इस कार्रवाई को ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page