
बिना दस्तावेज भंडारण, एक्सपायरी दवाओं की हो रही थी बिक्री
अनियमितता मिलने के बाद तुरंत कृषि केंद्र सील
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खरीफ सीजन 2026 के दौरान किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जिले में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शिकायत मिलने पर बाजार क्षेत्र स्थित ईतवारी बाजार के मेसर्स साहू कृषि केन्द्र का औचक निरीक्षण किया गया जहां कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर विभाग ने केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है। निरीक्षण के दौरान कृषि विभाग की टीम ने पाया कि प्रतिष्ठान में बिना स्रोत प्रमाण पत्र एवं आवश्यक अभिलेखों के कीटनाशकों का भंडारण किया गया था। साथ ही निर्धारित मूल्य सूची भी प्रदर्शित नहीं की गई थी। जांच में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी हो चुके कीटनाशकों का भंडारण मिला और मौके पर इन्हीं दवाओं की बिक्री भी की जा रही थी।
अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने मौके पर मौजूद कीटनाशकों को जब्त कर कृषि केंद्र को सील कर दिया। संचालक खेमु साहू को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन तथा उपसंचालक कृषि राजकुमार सोलंकी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जिले में उर्वरक बीज और कीटनाशक विक्रेताओं के साथ-साथ अवैध भंडारण एवं नकली कृषि आदान सामग्री की लगातार जांच की जा रही है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि यदि कहीं नकली अवैध या संदेहास्पद कृषि आदान सामग्री की बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कीटनाशी अधिनियम एवं उर्वरक नियंत्रण आदेश के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।