नल पहुंचा तो बदली गांव की तस्वीर, रुसे के 189 परिवारों को घर बैठे पानी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जल जीवन मिशन ने ग्राम रुसे के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या को काफी हद तक दूर कर दिया है। विकासखंड खैरागढ़ के इस गांव में अब 189 परिवारों के घरों तक नल के माध्यम से स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंच रहा है। 706 की आबादी वाले गांव में घर-घर नल कनेक्शन मिलने से ग्रामीणों की दिनचर्या में सुविधाजनक बदलाव आया है। योजना के तहत गांव में 40 किलोलीटर क्षमता का उच्चस्तरीय जलागार तैयार किया गया है। इसके साथ ही पाइपलाइन का नेटवर्क विकसित कर प्रत्येक परिवार को नल कनेक्शन से जोड़ा गया है। पहले ग्रामीणों को पानी के लिए हैंडपंप और अन्य जलस्रोतों तक जाना पड़ता था। इसका सबसे अधिक असर महिलाओं पर पड़ता था जिन्हें घरेलू कामकाज के साथ पानी लाने में भी काफी समय और श्रम लगाना पड़ता था। अब घर की दहलीज पर नल से पानी मिलने से ग्रामीणों को इस परेशानी से राहत मिली है। गांव में प्रतिदिन सुबह करीब तीन घंटे तथा शाम को एक घंटा 30 मिनट नियमित जलापूर्ति की जा रही है। इससे परिवारों को पर्याप्त समय पर पानी उपलब्ध हो रहा है और महिलाओं व बच्चों का समय भी बच रहा है।

जलापूर्ति व्यवस्था के संचालन और रखरखाव में ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (VWSC) तथा ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। नियमित पेयजल उपलब्ध होने से ग्रामीणों में स्वच्छता के साथ जल संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है। ग्राम की महिला सुशीला ने कहा कि अब हर घर में नियमित नल से पानी मिलने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने इसे गांव के लिए खुशहाली और सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव बताया।

Exit mobile version