
संत और फत्ते को शहर व ग्रामीण कमेटी में सचिव पद की जिम्मेदारी
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में कांग्रेस संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में संगठनात्मक विस्तार करते हुए निषाद समाज के दो सक्रिय कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। फत्तेराम निषाद को केसीजी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) खैरागढ़ का सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि संत निषाद को शहर कांग्रेस कमेटी खैरागढ़ में सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इन नियुक्तियों से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। फत्तेराम निषाद वर्तमान में निषाद समाज के जिलाध्यक्ष के रूप में सक्रिय हैं और लंबे समय से सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में भागीदारी निभाते आ रहे हैं। उनकी नियुक्ति को संगठन में सामाजिक संतुलन मजबूत करने तथा जमीनी स्तर पर पकड़ बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसी तरह संत निषाद भी शहर स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में पहचाने जाते रहे हैं। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और सक्रियता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं की नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उल्लेखनीय है कि संत निषाद पूर्व में कई वर्षों तक भाजपा में कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय रहे लेकिन उन्हें अपेक्षित जिम्मेदारी नहीं मिल सकी। कांग्रेस संगठन में उनकी कार्यशैली को देखते हुए उन्हें पद प्रदान किया गया है। नियुक्ति के बाद संत निषाद ने निषाद समाज की ओर से कांग्रेस नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है।
