
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय खैरागढ़ में प्राचार्य डॉ.ओ.पी. गुप्ता के मार्गदर्शन में विश्व हिंदी दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत हिंदी भाषा के महत्व को रेखांकित करने हेतु विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें प्रमुख रूप से हिंदी विषय पर सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता संपन्न हुई। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ.ओ.पी. गुप्ता ने छात्राओं को विश्व हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं बल्कि भारत की सांस्कृतिक पहचान और भावनात्मक अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। उन्होंने वैश्विक स्तर पर हिंदी की बढ़ती स्वीकार्यता पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को दैनिक जीवन में शुद्ध एवं सहज हिंदी के प्रयोग के लिए प्रेरित किया। विश्व हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बीए प्रथम सेमेस्टर, बीकॉम तृतीय सेमेस्टर एवं बीएससी तृतीय वर्ष की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों से हिन्दी भाषा से संबंधित सामयिक सहित कुल 35 प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता के परिणामस्वरूप छात्रा तामेश्वरी ने प्रथम स्थान, काजल ने द्वितीय स्थान तथा निशा ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी बौद्धिक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन अ. प्राध्यापक डॉ.मेधाविनी तुरे द्वारा किया गया जबकि आभार प्रदर्शन अ. प्राध्यापक मैथिली पटेल ने किया। आयोजन के दौरान महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण उपस्थित रहे और छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम ने न केवल हिंदी भाषा के प्रति छात्राओं में जागरूकता का विस्तार किया बल्कि उनकी बौद्धिक क्षमता एवं भाषाई दक्षता को भी सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।