कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय महिला दिवस पर याद की गई सरोजनी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. नवीन शासकीय महाविद्यालय में सरोजनी नायडू की जयंती अवसर पर राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। प्राचार्य डॉ.ओपी गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में स्वतंत्र भारत की प्रथम महिला राज्यपाल (उत्तर प्रदेश) के जीवन वृत्तांत पर चर्चा करते हुये उनको नमन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय की अतिथि प्राध्यापक डॉ.मेधाविनी तुरे ने सरोजनी नायडू के गीतकार व कवियित्री रूप को सामने लाते हुये उनके जीवन संघर्ष के बारे में छात्राओं को अवगत कराया साथ ही बालिकाओं को महिलाओं के अधिकारों व उनके कर्तव्यों से भी अवगत कराया। इसके पश्चात टिकेश्वरी साहू ने बताया कि सरोजनी नायडू को स्वर कोकिला की उपाधि क्यों मिली है। इसके साथ ही स्वतंत्रता सेनानी व समाज सुधारक के रूप में भी उनकी भूमिका से अवगत कराया। ज्योति साहू ने समाज में महिलाओं की भूमिका व संयुक्त एवं एकल परिवार के संबंध में अपने विचार प्रस्तुत किये। मैथिली पटेल ने महाकवि जयशंकर प्रसाद की कामायनी महाकाव्य में उल्लेखित पंक्ति नारी तुम केवल श्रद्धा हो के माध्यम से अपनी बात कही। कार्यक्रम के अंत में दुर्वासा सिन्हा ने गांधी जी के सविनय अवज्ञा आंदोलन के दौरान सरोजनी नायडू की भूमिका को छात्रों के समक्ष रखा वहीं इतिहास में दर्ज महिलाओं के नामों से भी अवगत कराया जिसमें नूरजहाँ, गुलबदन बेगम, गार्गी, डॉ.विजयलक्ष्मी का नाम शामिल है। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण सहित छात्राएं उपस्थित थीं।

Exit mobile version