
राजनीतिक दलों के साथ हुई आयुक्त की समन्वय बैठक
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत दुर्ग संभाग में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में दुर्ग संभाग आयुक्त एवं रोल ऑब्जर्वर सत्यनारायण राठौर की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा, कांग्रेस, बसपा और आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल सहित सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिले के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 73 खैरागढ़ एवं 74 डोंगरगढ़ आंशिक के मतदान केंद्रों और मतदाता संख्या से संबंधित विस्तृत जानकारी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई गई। साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान प्राप्त दावा-आपत्ति आवेदनों की अद्यतन स्थिति से भी अवगत कराया गया। प्रशासन द्वारा बताया गया कि नो-मैपिंग मामलों में विधानसभा क्षेत्र 73 खैरागढ़ के अंतर्गत 1655 मतदाताओं के नाम चिन्हित किए गए हैं। इनमें से 1477 प्रकरण डीईओ आईडी में दर्ज किए जा चुके हैं। वहीं 27 मतदाताओं के दस्तावेज अन्य राज्यों से तथा 10 मतदाताओं के दस्तावेज अन्य जिलों से संबंधित पाए गए जिन्हें सत्यापन के लिए संबंधित स्थानों पर भेजा गया है। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र 73 में लॉजिकल एरर के अंतर्गत 73 हजार 429 मतदाता चिन्हित किए गए हैं। इन सभी को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। नोटिस की तामिली के बाद प्राप्त दस्तावेजों का परीक्षण कर आवश्यक सुधार किया जाएगा। यह संपूर्ण कार्यवाही मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन से पहले पूर्ण की जाएगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा। बैठक में आयुक्त सत्यनारायण राठौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

