कल पालिका उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव, होगा फैसला

भाजपा का दावा कांग्रेस के 2-3 पार्षद उनके संपर्क में
कांग्रेस के समक्ष उपाध्यक्ष की कुर्सी बचाने चुनौती
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. नगर पालिका उपाध्यक्ष अब्दुल रज्जाक खान के खिलाफ भाजपा पार्षदों द्वारा लाये गये अविश्वास प्रस्ताव पर कल 31 जनवरी को फैसला हो जायेगा। भाजपा के 13 पार्षदों द्वारा कलेक्टर को दिये गये अविश्वास प्रस्ताव को लेकर अपर कलेक्टर सुरेन्द्र ठाकुर को पीठासीन अधिकारी बनाया गया है। शुक्रवार को उपाध्यक्ष पद का फैसला दोपहर 12ः30 बजे तक आने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि अविश्वास प्रस्ताव पर कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू हो जायेगी। पालिका के सभी 20 पार्षदों की उपस्थिति के बाद मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। अंतिम स्थिति मे मतदान से ही अविश्वास प्रस्ताव पर फैसला होगा। मतदान को लेकर नगर पालिका कार्यालय में आवश्यक पुलिस बल के साथ ही बेरिकेटिंग कर अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है। बता दे कि उपाध्यक्ष पद पर अविश्वास प्रस्ताव के चलते उक्त कुर्सी पर कब्जा करने में जुटी भाजपा के पार्षद दो दिन पहले ही भूमिगत हो गये हैं वहीं दूसरी ओर कांग्रेसी पार्षदों के भी एकजुट होने की खबर आ रही है और कांग्रेस के पार्षद भी संगठन के नेताओं के साथ सैर-सपाटे के लिये खैरागढ़ से बाहर हैं। कांग्रेस पार्षद नेताओं की उपस्थिति में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात हुई है जिसके बाद कांग्रेस नेताओं ने अपने सभी पार्षदों को एकजुट कर भाजपा के अविश्वास प्रस्ताव के मंसूबे को तोड़ने कसर कस ली हैं। हालांकि अविश्वास प्रस्ताव के लिये होने वाले मतदान के दौरान ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि भाजपा सेंध लगाने में फिर से कामयाब होती है या कांग्रेस इस बार अपने उपाध्यक्ष की कुर्सी बचा लेगी। उक्त मामले में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष घम्मन साहू का कहना है कि नपा उपाध्यक्ष की कार्यशैली को लेकर तथा शासन की योजनाओं के बेहतर संचालन को लेकर उपाध्यक्ष दखलअंदाजी से नाराज भाजपा पार्षदों ने उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया है, निश्चित रूप से भाजपा पार्षदों द्वारा नपा उपाध्यक्ष के खिलाफ लाये गये अविश्वास प्रस्ताव में हमारी जीत होगी। उन्होंने बताया कि भाजपा के सभी 13 पार्षद एक साथ हैं वहीं कांग्रेस के दो-तीन पार्षद भी उनके संपर्क में हैं जो भाजपा के पक्ष में मतदान करेंगे।