
सत्यमेव न्यूज गंडई। जिले में अवैध पशु परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंडई पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो भैंस और परिवहन में प्रयुक्त वाहन जब्त किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। जानकारी अनुसार 5 जून को थाना गंडई पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक टाटा एस गोल्ड वाहन में दो भैंसों को अमानवीय तरीके से बांधकर महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम बिरखा के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका। जांच के दौरान वाहन में दो भैंसे अत्यंत खराब स्थिति में बंधी मिली। पूछताछ में वाहन चालक की पहचान जितेंद्र धृतलहरे (33 वर्ष) एवं उसके सहयोगी पीर अली (32 वर्ष) दोनों निवासी गंडई के रूप में हुई। आरोपियों से पशुओं के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पुलिस ने मौके से करीब 60 हजार रुपये मूल्य के दो भैंसे तथा लगभग दो लाख रुपये मूल्य का टाटा एस गोल्ड वाहन जब्त किया। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 2.60 लाख रुपये बताई गई है। मामले में थाना गंडई में अपराध दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



