Advertisement
Uncategorized

अवेली में हुए शासकीय भूमि विवाद का मामला थाने पहुंचा, हुई शिकायत

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। ग्राम पंचायत अवेली में शासकीय जमीन को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। ग्रामीणों और सरपंच परिवार के बीच आरोप प्रत्यारोप के बाद मामला जिला प्रशासन व पुलिस तक पहुंच गया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि सरपंच दुर्गा बाई सेन, उनके पति भरतलाल सेन और पुत्र नरेन्द्र सेन द्वारा करीब 20 डिसमिल शासकीय भूमि पर मकान व बाड़ी बनाकर कब्जा किया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जब तक उक्त जमीन को खाली नहीं कराया जाता तब तक अन्य लोगों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई न्यायसंगत नहीं होगी। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि ईश्वरीलाल साहू, महेश साहू, धनेश साहू, कोमल और रामकुमार साहू के परिवार करीब दो दशकों से जिस भूमि पर रह रहे हैं उसे कोठार भूमि बताकर हटाने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि संबंधित जमीन आवासीय क्षेत्र में आता है और ग्रामसभा के अधिकांश सदस्य वहां तालाब निर्माण के पक्ष में नहीं हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए स्पष्ट किया है कि यदि सरपंच परिवार अपना कथित अतिक्रमण हटाता है तो वे भी सहयोग के लिए तैयार हैं। दूसरी ओर सरपंच पक्ष ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया के दौरान कुछ ग्रामीणों ने वार्ड पंच नरेन्द्र सेन के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि ईश्वरीय साहू द्वारा दुर्व्यवहार और धमकी भी दी गई। घटना के बाद दोनों पक्ष जालबांधा थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव में फिलहाल तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र निष्पक्ष कार्रवाई कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page