अल्प वर्षा के बीच किसानों ने नहर से सिंचाई के लिए मांगा पानी

बाजार अतरिया। क्षेत्र में अल्प वर्षा के चलते खेतों में खड़ी फसलों पर संकट गहराने लगा है। बारिश की कमी के कारण किसानों को सिंचाई के लिए अतिरिक्त पानी की आवश्यकता महसूस हो रही है। इसी मांग को लेकर बाजार अतरिया क्षेत्र के दर्जनभर किसान गुरुवार को छुईखदान स्थित जल संसाधन संभाग कार्यालय पहुंचे और कार्यपालन अभियंता बीके मरकाम से मुलाकात कर नहर के माध्यम से सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस वर्ष क्षेत्र में अपेक्षित वर्षा नहीं होने के कारण खेतों में पर्याप्त नमी नहीं है। कई स्थानों पर फसलों को सिंचाई की आवश्यकता महसूस हो रही है। यदि समय रहते नहर का पानी उपलब्ध नहीं कराया गया तो फसलों की स्थिति प्रभावित हो सकती है। किसानों ने विभाग से नहर में जल्द पानी छोड़ने की व्यवस्था करने का आग्रह किया ताकि फसलों को आवश्यक सिंचाई मिल सके। ई.ई. बीके मरकाम ने उन्हें विभागीय स्तर पर पानी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि एक दिन बाद नहर के माध्यम से लगभग 60 प्रतिशत पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद अन्य गांवों में जलापूर्ति की व्यवस्था पूरी करने के पश्चात करीब तीन दिन बाद नहर में 100 प्रतिशत पानी उपलब्ध कराने की बात कही गई। आश्वासन के बाद किसानों ने उम्मीद जताई कि निर्धारित समय पर नहर में पर्याप्त पानी पहुंचने से खेतों में खड़ी फसलों को राहत मिलेगी। इस दौरान धनवा साहू, गेंदा पाल, सालिक पाल, लोकेश महाराज, राधेलाल जंघेल, चंदू वर्मा, हेमंत वर्मा, जागेन्द्र मानिकपुरी, सूरज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Exit mobile version