अमलीडीहकला में रजत जयंती का विद्युत विभाग ने मनाया उत्सव

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कंपनी की रजत जयंती के अवसर पर ग्राम अमलीडीहकला में उत्साह और उल्लास से भरा भव्य आयोजन संपन्न हुआ। खैरागढ़ ग्रामीण वितरण केंद्र के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों से लेकर आम ग्रामीणों तक की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। मुख्य अतिथि किरण विक्रम मानिकपुरी ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की और छत्तीसगढ़ महतारी के तेलचित्र पर माल्यार्पण कर प्रदेश की संस्कृति को नमन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रजत जयंती केवल उत्सव नहीं बल्कि बिजली विभाग के 25 वर्षों की सतत सेवा और जनता के प्रति उत्तरदायित्व का प्रतीक है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की विस्तार से जानकारी दी गई और ग्रामीणों को इस योजना से जुड़कर लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विद्युत विभाग के सम्माननीय उपभोक्ताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में जनपद सदस्य किरण मानिकपुरी, ग्राम अमलीडीहकला के सरपंच रुपेंद्र वर्मा सहित काशीराम श्रीवास, तेजराम वर्मा, घनश्याम वर्मा, दिनेश वर्मा एवं प्रहलाद वर्मा की उपस्थिति रही। विभागीय पक्ष से कार्यपालन अभियंता सचिन उत्तरवार, सहायक अभियंता उत्तम कुमार साहू और कनिष्ठ अभियंता सतीश ठाकुर ने शासन की योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में खैरागढ़ ग्रामीण वितरण केंद्र के समस्त अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

Exit mobile version