KCGपॉलिटिक्स

अफीम की अवैध खेती और रसोई गैस की किल्लत पर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम की खेती और रसोई गैस की कमी को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पिपरिया स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दुर्ग और बलरामपुर जिलों में सामने आई अफीम की अवैध खेती के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उनका आरोप था कि प्रदेश में मादक पदार्थों का अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा है और इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मामले में शामिल बड़े लोगों पर कार्रवाई करने के बजाय सरकार चुप्पी साधे हुए है।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कोमल साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसी शांतिप्रिय धरती पर अफीम की खेती का सामने आना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब सरकार की नाक के नीचे हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस इस मुद्दे को ब्लॉक स्तर से लेकर राजधानी तक आंदोलन के रूप में उठाएगी।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.अरुण भारद्वाज ने भी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। उनका कहना था कि इसकी चपेट में युवा पीढ़ी और बच्चे तक आ रहे हैं जो समाज के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस पर प्रभावी रोक लगाने में विफल रही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने जिले में रसोई गैस सिलेंडर की कमी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि गैस की अनियमित आपूर्ति से आम उपभोक्ताओं के साथ व्यापारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द आपूर्ति व्यवस्था सुधारी नहीं गई तो इस मुद्दे को लेकर भी व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

भाजपा कार्यालय के घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और एकजुटता देखने को मिली। प्रदर्शन में जिला किसान कांग्रेस के अध्यक्ष देवराज किशोर दास वैष्णव, जिला महिला कांग्रेस के अध्यक्ष आरती महोबिया, खैरागढ़ ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिरमौर, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन, नपा के नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, पूर्व अध्यक्ष आकाशदीप सिंह, भीखमचंद छाजेड़, नपा उपाध्यक्ष अब्दुल रज्जाक खान, पार्षद पुरुषोत्तम वर्मा, दिलीप लहरे, दयाराम पटेल, पूर्व नपा सभापति सुबोधकांत पांडे, दिलीप ओगरे, कांग्रेस नेता विजय वर्मा, पूरन सारथी, यतेंद्रजीत सिंह, नित्य शरण सिंह, रवींद्र सिंह गहरवार, रिंकू गुप्ता, अनुभा चंद्राकर, नरेंद्र सेन, महेश यादव, शेखर दास वैष्णव, डोमार सिंग वर्मा, सूरज देवांगन, उमेश साहू, भूपेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शन के साथ सत्तारूढ़ भाजपा के कार्यालय के घेराव को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ बैरिकेडिंग की तैनाती की गई थी। हालांकि कार्यकर्ताओं के आक्रोश और नारेबाजी के बीच स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनहित और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page