
कलेक्टर के निर्देश पर सक्रिय हुआ प्रशासन

5 दुकानों की खाद्य सामग्री पाई गई अवमानक
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। होली पर्व के मद्देनज़र आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष सघन जांच अभियान चलाया गया। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में कई प्रतिष्ठानों से नमूने लेकर जांच की गई जिनमें से पांच नमूने अवमानक पाए गए। उपसंचालक आशीष शर्मा एवं अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे के मार्गदर्शन में गठित संयुक्त दल ने खैरागढ़ और गंडई क्षेत्र के प्रमुख मिष्ठान प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे द्वारा खैरागढ़ स्थित मानव मंदिर, जलाराम, जनता रेस्टोरेंट, बीकानेर राजेश्वरी स्वीट, बीकानेर स्वीट तथा गंडई के राजपुरोहित बीकानेर स्वीट से कचौड़ी, मोतीचूर लड्डू, बेसन लड्डू, खोवा, पेड़ा, फाफड़ा, लूज गुजिया, रसमलाई, केला चिप्स, मिक्सचर और अंजीर कतली सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 2 विधिक एवं 18 सर्विलांस नमूने संग्रहित कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी, रायपुर भेजे गए है।


इसके अतिरिक्त चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से 65 सर्विलांस नमूनों की मौके पर ही जांच की गई। जांच में 60 नमूने मानक अनुरूप पाए गए जबकि 5 नमूने अवमानक पाए जाने पर संबंधित खाद्य रंगयुक्त सामग्री को तत्काल नष्ट करवाया गया। निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठानों की खाद्य अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन की जांच की गई जो वैध पाई गई। व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा नियम 2011 के तहत स्वच्छता, साफ-सफाई और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के विक्रय के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। कार्रवाई के दौरान सहायक खाद्य अधिकारी संजय ठाकुर सहित विभागीय अमला उपस्थित रहा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावट और अवमानक खाद्य सामग्री पर रोक लगाने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
