
खैरागढ़ मूल्यांकन केंद्र में कड़ी सुरक्षा और गोपनीयता के साथ संपन्न हुआ कार्य

हाईस्कूल की 38,813 तथा हायर सेकेंडरी की 16,624 उत्तर पुस्तिका का हुआ मूल्यांकन
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा 2026 की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य खैरागढ़ स्थित पीएम श्री डॉ.पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय में सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया। यह मूल्यांकन कार्य 16 मार्च 2026 से प्रारंभ हुआ था जिसे मंडल द्वारा निर्धारित समय से पूर्व 5 अप्रैल 2026 को संपन्न कर लिया गया। प्राप्त जानकारी अनुसार प्रथम चरण में हाई स्कूल की लगभग 38,813 तथा हायर सेकेंडरी की 16,624 उत्तरपुस्तिकाएं मूल्यांकन हेतु प्राप्त हुई थीं। वहीं द्वितीय चरण में हाई स्कूल की 7,744 एवं हायर सेकेंडरी की 8,313 उत्तरपुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए केंद्र में भेजी गई। मूल्यांकन कार्य में खैरागढ़ एवं छुईखदान ब्लॉक से प्रतिदिन लगभग 250 से 300 व्याख्याताओं की उपस्थिति रही जिन्होंने निर्धारित समय सीमा में उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया।

मूल्यांकन केंद्र अधिकारी अनुराग सिंह ने बताया कि मंडल के निर्देशानुसार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं पूर्ण गोपनीयता के साथ समस्त कार्य को समय से पूर्व पूरा किया गया। इस दौरान 4 अप्रैल 2026 को जिला नोडल अधिकारी रेणुका रात्रे (डिप्टी कलेक्टर) एवं जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल के.पी. साव ने मूल्यांकन केंद्र तथा स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर आगामी परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा केंद्राध्यक्षों की आवश्यक बैठक भी ली। मूल्यांकन कार्य के सफल संचालन में संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों की सक्रिय भूमिका रही जिसके कारण पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो पायी।

