Advertisement
Uncategorized

पिपलाकछार मंडई मेला हत्याकांड का खुलासा, 24 घंटे में पुलिस गिरफ्त में आरोपी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खैरागढ़ थाना क्षेत्र से लगे ग्राम पिपलाकछार में आयोजित मंडई मेले के दौरान हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है वहीं मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया गया है। जानकारी अनुसार विगत 13 जनवरी को ग्राम पिपलाकछार निवासी देशबंधु पिता तुकाराम पटेल ने थाना खैरागढ़ में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें बताया गया कि गांव के बाजार चौक में मंडई मेला आयोजित था जहां आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए थे। इसी दौरान शाम करीब 7 बजे मेले के जंपिंग झूला में कूदने की बात को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद हो रहा था। विवाद को शांत कराने के लिए मोरध्वज पिता समयलाल पटेल (उम्र 26 वर्ष) मौके पर पहुंचा तभी हेमचंद उर्फ हर्षू पिता हिंसाराम निषाद ने मोरध्वज पर प्राणघातक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोरध्वज को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरागढ़ लाया गया जहां से हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया लेकिन उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना पर थाना खैरागढ़ में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर 14 जनवरी को आरोपी हेमचंद उर्फ हर्षू निषाद निवासी अमलीडीह खुर्द तथा उसके साथ शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि विवाद के दौरान बीच-बचाव करने आए मोरध्वज से विधि से संघर्षरत बालक की कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान उसने भीड़ का फायदा उठाकर अपने पास रखे चाकू से मोरध्वज के पेट में हत्या की नीयत से वार किया और भीड़ में शामिल हो गया। बालक की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी हेमचंद निषाद को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। मामले में आगे की जांच-विवेचना और कार्रवाई जारी है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page