
शासकीय स्कूल से चुराए थे शैक्षणिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक सामान व बर्तन
पुलिस ने 2.50 लाख रुपए की सामग्री की बरामद
खैरागढ़। जिले के मोहगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अजानकपुर स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की सामग्री सहित करीब 2.50 लाख रुपए मूल्य का सामान बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक मध्यप्रदेश के सिवनी जिले का निवासी है, जबकि दो अन्य गंडई थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। ज्ञात हो कि 1 अक्टूबर 2026 को अजानकपुर के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में चोरी की घटना सामने आई थी। स्कूल के विभिन्न कमरों में रखे शैक्षणिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री, बर्तन और अन्य उपयोगी सामान गायब मिले थे। मामले में मोहगांव थाने में अपराध क्रमांक 23/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(3) एवं अन्य संबंधित प्रावधानों में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान संदेहियों की पहचान कर पुलिस ने 20 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए रोनक कुमार उर्फ शिव (19), निवासी ग्राम थावरी, थाना धनोरा, जिला सिवनी (मध्यप्रदेश), लोचन पटेल उर्फ बाउज (23) और अरुण गोसाई (22), दोनों थाना गंडई क्षेत्र, को गिरफ्तार किया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से चोरी के मामले से संबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, शैक्षणिक सामग्री, बर्तन और अन्य उपयोगी सामान बरामद किया है। बरामद सामग्री का अनुमानित मूल्य करीब 2.50 लाख रुपए बताया गया है। घटना से संबंधित अन्य सामग्री और वाहन के विवरण का सत्यापन किया जा रहा है।गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले में बरामद सामग्री और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।