कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में दिए निर्देश, सफाई, रक्तदान, वृक्षारोपण से लेकर साइबर जागरूकता तक होंगे आयोजन
खैरागढ़। जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी बनाने कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने अधिकारियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने शासकीय योजनाओं, अभियानों और विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अभियान की तैयारियों की जानकारी ली। अभियान के तहत सेवा मेरा योगदान, सेवा की कहानी, सेवा सेतु अभियान, आंगन मिलन सेवा, सेवा संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति कलश यात्रा, सेवा के रंग राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज, सुशासन सेवा संवाद, मेरे सपनों का भारत तथा नमो सेवा- अनकही कहानियां सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्धारित तिथियों के अनुसार कार्ययोजना तैयार कर गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने कहा। *25 तरह की गतिविधियों में जुटेगा जनसहयोग*सेवा मेरा योगदान गतिविधि दो चरणों में 23 से 25 सितम्बर तथा 2 से 8 अक्टूबर तक आयोजित होगी। इसके अंतर्गत करीब 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां होंगी। इनमें नदी एवं घाटों की सफाई, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, वृक्षारोपण, रक्तदान, अंगदान संकल्प, साइबर सुरक्षा जागरूकता, डिजिटल साक्षरता और मतदाता जागरूकता सहित विभिन्न जनभागीदारी कार्यक्रम शामिल हैं।कलेक्टर ने प्रत्येक गतिविधि में कार्यक्रमों और सहभागियों की संख्या का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए। नदी एवं घाट सफाई अभियान में कार्य से पहले और बाद की तस्वीरें दर्ज करने तथा जनप्रतिनिधियों, महिलाओं, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।*हितग्राहियों की सफलता की कहानियां होंगी तैयार*सेवा की कहानी गतिविधि के तहत शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की वास्तविक और तथ्यपरक सफलता की कहानियां तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए वहीं सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत निर्धारित तिथियों पर शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें आवश्यक सेवाओं का लाभ दिलाने को कहा गया। आंगन मिलन सेवा और सेवा संकल्प यात्रा की तैयारियां भी निर्धारित रोस्टर के अनुसार पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोरबैठक में स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान की भी समीक्षा की गई। यह अभियान 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर ने नगरीय निकायों में चल रही गतिविधियों की जानकारी लेते हुए इनमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने कहा।*सड़कों पर बैठे मवेशियों के उचित प्रबंधन पर जोर*सड़कों पर बैठे मवेशियों के उचित प्रबंधन पर कलेक्टर ने गंभीरता से कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालन विभाग, नगरीय निकाय और जनपद पंचायत के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा वहीं बैठक में लंबित भुगतानों, नियद नेल्लानार पोर्टल पर विभागीय प्रविष्टियों, सहकारी समितियों से संबंधित शिकायतों तथा नवगठित समितियों के निरीक्षण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित भुगतान प्रकरणों की प्रक्रिया जल्द पूरी कर भुगतान सुनिश्चित करने, पोर्टल पर आवश्यक प्रविष्टियां समय पर दर्ज करने और नई सहकारी समितियों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए और सभी विभागों को समय-सीमा के प्रकरणों और लंबित कार्यों को निर्धारित अवधि में पूरा कर प्रगति की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
