KCG

सेवा और सम्मान के संकल्प के साथ मनाया शक्तिबाला वेलफेयर फाउंडेशन का स्थापना दिवस

सत्यमेव न्यूज रायपुर। शक्तिबाला वेलफेयर फाउंडेशन रायपुर का स्थापना दिवस समारोह 1 सितंबर 2026 को फाफाडीह चौक स्थित होटल रॉयल एंबिएंस में गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। संस्था की प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापिका श्वेता ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित समारोह में सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा के साथ संस्था की भावी गतिविधियों और सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में रायपुर की महापौर मीनल चौबे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम के चेयरमैन संजय श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ सिने एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश अग्रवाल तथा नीलकमल पिक्चर के फिल्म निर्माता नवीन लोढ़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

स्थापना दिवस समारोह के दौरान शक्तिबाला वेलफेयर फाउंडेशन की खैरागढ़ जिला इकाई का गठन किया गया। नवगठित इकाई में सनत अग्रवाल को जिला अध्यक्ष घनश्याम बघेल को जिला उपाध्यक्ष कौशल कोसरे को जिला कोषाध्यक्ष सुधीर महोबे को जिला सचिव तथा भारती शोरी को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई। नव नियुक्त पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। खैरागढ़ विश्वविद्यालय के कथक नृत्य विभाग की शिवाली सिंह बैस एवं स्किल ट्रेनर राजेश्वरी अग्रवाल को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए संकल्प यदु पहाटिया को सम्मानित किया गया। वहीं दसवीं कक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्रा हर्षा बघेल को भी प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

स्थापना दिवस समारोह संस्था के लिए दोहरी खुशी का अवसर रहा। एक ओर जहां संस्था की स्थापना और उसके सेवा कार्यों की उपलब्धियों को साझा किया गया वहीं दूसरी ओर संस्था की प्रेरणास्रोत एवं संस्थापिका श्वेता ठाकुर का जन्मदिन भी समारोह के दौरान मनाया गया। अतिथियों ने श्वेता ठाकुर के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि किसी संस्था की स्थापना करना जितना महत्वपूर्ण है उससे कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण उसे सेवा समर्पण और संवेदनशीलता के साथ निरंतर आगे बढ़ाना है। श्वेता ठाकुर ने संस्था के माध्यम से जरूरतमंद लोगों के साथ-साथ व्यक्तिगत स्तर पर भी गरीब विद्यार्थियों महिलाओं और पीड़ित लोगों को आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराया है। महिलाओं के साथ होने वाले अत्याचार एवं उत्पीड़न के मामलों में पीड़ितों को सहयोग और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी संस्था लगातार प्रयासरत है। अतिथियों ने संस्था की सामाजिक गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में इसके विस्तार और सेवा कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि श्वेता ठाकुर के प्रयास इस बात का उदाहरण हैं कि दृढ़ इच्छाशक्ति और सेवा भावना के साथ कोई भी व्यक्ति समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव रख सकता है। उन्होंने संस्था से जुड़े सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को भी सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page