सुबह की सैर बनी जानलेवा: खैरागढ़ में तेज रफ्तार बाइक ने ली बुजुर्ग की जान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शहर में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने माहौल को गमगीन कर दिया। देर रात सैर पर निकले एक बुजुर्ग को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने एक ओर जहां परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया वहीं दूसरी ओर शहर में बेलगाम और नशे में ड्राइविंग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी अनुसार खैरागढ़ के दाऊचौरा वार्ड क्र.16 निवासी 70 वर्षीय गेंदाराम सोनवानी रोज की तरह रात करीब 10:30 बजे भोजन के बाद टहलने निकले थे। इसी दौरान मुस्का रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास तेज रफ्तार से आ रही एक मोटर साइकिल ने उनको टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि बाइक चालक पिपरिया निवासी 21 वर्षीय हेमंत पटेल नशे की हालत में वाहन चला रहा था और मुस्का की दिशा से आ रहा था। टक्कर इतनी भयानक थी कि बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल सहायता करते हुए घायल को सिविल जिला अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया गया है इसके बाद बुजुर्ग का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। मामले में आरोपी चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है। हादसे ने एक बार फिर चेताया है कि नशे की हालत में वाहन चलाने से न केवल किसी कि जिंदगी खत्म हो सकती है बल्कि कानून के उल्लंघन के साथ वाहन चलाने वाले को सजा भी मिल सकती है।

Exit mobile version