
आयोजन की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला साहू संघ खैरागढ़, छुईखदान व गंडई द्वारा प्रस्तावित जिला स्तरीय माता राजिम महोत्सव को लेकर क्षेत्र में उत्साह और सक्रियता बढ़ गई है। संत माता कर्मा एवं माता राजिम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन के साथ-साथ नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के 14 फरवरी को शामिल होने की स्वीकृति मिलने के बाद साहू समाज में हर्ष का माहौल है। बताया गया कि समाज के पदाधिकारियों द्वारा पूर्व में मुख्यमंत्री से भेंट कर जनवरी माह में प्रस्तावित कार्यक्रमों के लिए समय मांगा गया था लेकिन व्यस्त कार्यक्रम के चलते उन तिथियों पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद निरंतर संपर्क समन्वय और प्रयासों के फलस्वरूप 14 फरवरी की तिथि तय हुई जिसकी आधिकारिक पुष्टि मिलने के साथ ही आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिला साहू संघ अध्यक्ष टिलेश्वर साहू ने बताया कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए संगठन स्तर पर लगातार प्रयास किए गए। रायपुर ग्रामीण विधायक के सहयोग से नियमित दूरभाष संपर्क बना रहा वहीं समाज के प्रतिनिधियों ने पुनः भेंट कर आयोजन की महत्ता से अवगत कराया। इन सामूहिक प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। इस अवसर पर बिसेसर साहू, शशांक साहू, केशव साहू, टोमन साहू सहित साहू समाज के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका में जुटे हुए हैं। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए समाज द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं और बड़ी संख्या में समाजजनों की उपस्थिति की उम्मीद जताई जा रही है।
